भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र रघुवंशी बंटी भैया एवं अजय दांगी ने लिया आचार्यजी से आशीर्वाद
कोलारस ! कोलारस अनुविभाग के ग्राम बीजरी में जयपुरिया परिवार द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा के दौरान आज श्रीकृष्ण जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर पूरा कथा पंडाल “नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” जैसे भजनों और जयकारों से गूंज उठा,कथा व्यास पूज्य केशव आचार्यजी ने श्रीकृष्ण जन्म महोत्सव की कथा का अत्यंत भावपूर्ण एवं विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के अवतरण के आध्यात्मिक, सामाजिक और नैतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि श्रीकृष्ण का जीवन मानवता को प्रेम, धर्म और कर्तव्य का संदेश देता है। कथा श्रवण के दौरान श्रोता भावविभोर होकर भक्ति में लीन नजर आए इस अवसर पर कथा श्रवण हेतु विशेष रूप से पधारे भाजपा जिला महामंत्री योगेंद्र रघुवंशी (बंटी भैया) एवं अजय प्रताप दांगी का जयपुरिया परिवार द्वारा माला पहनाकर आत्मीय स्वागत किया गया। अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, संस्कार और आपसी सद्भावना का संचार होता है।कथा के दौरान वातावरण अत्यंत भक्तिमय, शांत और प्रेरणादायक बना रहा। श्रद्धालुओं ने श्रीकृष्ण जन्म के प्रसंग पर फूलों की वर्षा, भजन-कीर्तन और नृत्य के माध्यम से अपनी श्रद्धा प्रकट की।जयपुरिया परिवार ने ग्रामवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा श्रवण करने की अपील की। कथा समापन के उपरांत सभी भक्तों को प्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामवासी एवं श्रद्धालु शामिल हुए,इस आयोजन ने ग्राम बीजरी में धार्मिक चेतना को और अधिक सशक्त किया तथा लोगों के मन में भक्ति, प्रेम और संस्कारों की भावना को प्रबल किया।


