शिवपुरी फिजिकल थाने में युवक का जानलेवा कदम: ब्लेड से गला-पेट काटा, वायरल वीडियो की शिकायत पर पूछताछ के लिए बुलाया था पुलिस ने

0

 


शिवपुरी शहर के फिजिकल थाना परिसर में सोमवार दोपहर एक युवक ने संदिग्ध परिस्थितियों में खुद पर जानलेवा हमला कर लिया। युवक ने कथित रूप से ब्लेड से अपना गला और पेट काट लिया। गंभीर अवस्था में पुलिस ने उसे तत्काल जिला चिकित्सालय शिवपुरी में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कमलागंज घोसीपुरा निवासी 35 वर्षीय शफीक खान का पड़ोस में रहने वाले रवि राज प्रजापति से बिजली की लाइन डालने को लेकर विवाद चल रहा था। दो दिन पूर्व दोनों पक्षों के बीच झगड़ा भी हुआ था, जिसकी शिकायत रवि राज प्रजापति ने थाने में दर्ज कराई थी।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने शफीक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया था, लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ। सोमवार को पुलिस ने उसकी पत्नी छोटी खान को थाने बुलवाया। पत्नी द्वारा फोन पर सूचना दिए जाने के बाद शफीक स्वयं थाने पहुंचा।

इसी बीच यह जानकारी भी सामने आई है कि शफीक खान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वह हाथ में तलवार और कथित रूप से कट्टा लिए लोगों को धमकाते हुए नजर आ रहा था। स्थानीय रहवासियों ने इस वीडियो को साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। इसी शिकायत के आधार पर भी पुलिस ने शफीक को पूछताछ के लिए बुलाया था।

थाना परिसर पहुंचने के बाद अचानक शफीक ने किसी धारदार वस्तु से अपने पेट और गर्दन पर वार कर लिया। घटना के बाद थाना परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मी तत्काल उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।

मामले में जब थाना प्रभारी नम्रता भदौरिया से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी हुई है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top