ग्राम बमरौली निवासी राकेश परिहार ने आज मंगलवार की दोपहर 1 बजे अपनी वृद्ध माँ और परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुँचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। राकेश ने बताया कि करीब 8-9 साल पहले उसके भाई की संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि भाई की मौत 'जादू-टोने' के चलते हुई थी। भाई की मौत के बाद भाभी गांव के ही एक कथित तांत्रिक दीपक तिवारी के साथ रहने लगी।
राकेश का आरोप है कि भाभी ने उसके पिता भागीरथ को विश्वास में लेकर या किसी दबाव में रखकर परिवार की 4 बीघा पैतृक जमीन गुपचुप तरीके से अपने नाम करा ली। राकेश और उसके अन्य 7 भाइयों को इस बात की भनक तक नहीं लगी। अब परिवार के पास आजीविका का कोई अन्य साधन नहीं बचा है।
विवाद तब और बढ़ गया जब बीते दिनों खेत में कटाई का समय आया। राकेश ने बताया कि उसने और उसके भाइयों ने मिलकर खेत में गेहूं की फसल बोई थी। आरोप है कि भाभी और दीपक तिवारी ने मिलकर कंबाइन मशीन चलवाकर करीब डेढ़ बीघा खेत की फसल कटवा ली और उसे जबरन उठाकर ले गए। जब राकेश ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई।
पीड़ित राकेश परिहार का कहना है कि वह 8 भाई हैं और सभी का उस जमीन पर हक है। भाभी द्वारा दीपक के साथ मिलकर किए जा रहे इस कृत्य से पूरा परिवार दाने-दाने को मोहताज हो रहा है। उन्होंने एसपी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाए, उनकी फसल वापस दिलाई जाए और जमीन के नामांतरण की भी जांच हो।


