कोलारस। शिक्षा के क्षेत्र में कोलारस के होनहारों ने एक बार फिर अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। कोलारस नगर की इंद्रा कॉलोनी के प्रतिष्ठित यादव बडैरा परिवार के बच्चों ने माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर क्षेत्र और समाज का नाम गौरवन्वित किया है। बडैरा परिवार के राजेंद्र सिंह यादव के पौत्र एवं जगदीश यादव के पुत्र नंदकिशोर यादव ने 10वीं की परीक्षा में 95.5% अंक प्राप्त कर अपनी कड़ी मेहनत का परिचय दिया है। वहीं, सफलता का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, जगदीश यादव की सुपुत्री खुशी यादव ने भी 91.4% अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। एक ही परिवार के दो बच्चों की इस उपलब्धि ने खुशियों को दोगुना कर दिया है। नंदकिशोर और खुशी की इस उपलब्धि पर उनके निवास और संतफार्म स्थित सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के संचालक अजय जाट सहित पूरे कोलारस क्षेत्र में हर्ष व्याप्त है। परिजनों का कहना है कि बच्चों की एकाग्रता और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन ने इस परिणाम को संभव बनाया है। इस सफलता में एम्स चाइल्ड एकेडमी कोचिंग संस्थान की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। कोचिंग संचालक जितेंद्र यादव के कुशल मार्गदर्शन और संस्थान की विशेष शिक्षण पद्धति ने छात्र-छात्रा को इस मुकाम तक पहुंचाने में मदद की।
गौरतलब है कि इस संस्थान से कई अन्य छात्रों ने श्रेष्ठ अंकों के साथ सफलता अर्जित की है। इस उपलब्धि पर दादा राजेंद्र सिंह यादव, पिता जगदीश यादव, परिजनों, इष्ट मित्रों और शुभचिंतकों ने दोनों होनहारों को मिठाई खिलाकर बधाई दी। सभी ने नंदकिशोर और खुशी के उज्ज्वल और स्वर्णिम भविष्य की कामना की है।


