80 बीघा गेहूं की फसल जलने से किसान परिवार पर टूटा संकट, कलेक्टर से मुआवजे की मांग

0


 शिवपुरी। जिले के सतनबाड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मामोनी पंचायत सतनबाड़ा खुर्द के एक किसान परिवार पर आगजनी की घटना के बाद भारी संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने कलेक्टर शिवपुरी को आवेदन सौंपकर फसल एवं घरेलू सामान जलने पर शासन से शीघ्र मुआवजा दिलाने की मांग की है।

आवेदन के अनुसार ग्राम मामोनी निवासी लोटन सिंह पुत्र सिकंदर सिंह, जविन्द्रबाई पत्नी लोटन सिंह, रामअवतार एवं रामलखन पुत्र लोटन सिंह की लगभग 80 बीघा कृषि भूमि पर खड़ी एवं काटकर रखी गई गेहूं की फसल में 15 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 1 बजे अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि खेत में रखा पूरा गेहूं जलकर राख हो गया। इसके साथ ही खेत पर बनी दो टपरियां भी आग की चपेट में आ गईं।

पीड़ित परिवार ने बताया कि आग में खेती और सिंचाई से जुड़ा हजारों रुपए का सामान भी जल गया। जिसमें करीब 2000 फीट केसिंग तार, कॉल, चार स्टार्टर, दो मोटर, लेजम, पाइप सहित अन्य उपकरण शामिल हैं। वहीं खाने-पीने का सामान, कपड़े, बिस्तर एवं घरेलू उपयोग की वस्तुएं भी आग में नष्ट हो गईं। परिवार के अनुसार आगजनी में लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना की शिकायत संबंधित थाने में दर्ज करा दी गई है।

पीड़ित परिवार ने आवेदन में बताया कि आगामी 4 मई 2026 को रामलखन की शादी निर्धारित है, लेकिन आग की घटना के बाद परिवार के सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। शादी की तैयारियों के लिए रखा सामान और फसल से मिलने वाली आय दोनों खत्म हो जाने से परिवार चिंता में डूबा हुआ है।

कलेक्टर को दिए आवेदन में परिवार ने मांग की है कि उनकी आर्थिक स्थिति को देखते हुए शासन स्तर से शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि परिवार को राहत मिल सके और शादी सहित अन्य जरूरी कार्य पूरे हो सकें। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार की मदद करने की मांग की है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top