जानकारी के अनुसार ग्वालियर बायपास पर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान चार पहिया वाहनों में सीट बेल्ट का उपयोग, वाहन का इंश्योरेंस, फिटनेस, ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। कई वाहन चालक नियमों का उल्लंघन करते पाए गए, जिन पर नियमानुसार जुर्माना लगाया गया।
जांच टीम ने कहा कि सड़क हादसों में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। जिन वाहन चालकों के दस्तावेज अधूरे मिले या सीट बेल्ट का उपयोग नहीं किया जा रहा था, उन्हें भविष्य में नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत भी दी गई।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय सभी जरूरी दस्तावेज साथ रखें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके और अनावश्यक चालानी कार्रवाई का सामना न करना पड़े।


