शिवपुरी | शहर में फैलती गंदगी और लगातार चेतावनी के बावजूद सफाई न करने वालों पर नगर पालिका अब सख्त हो गई है। मंगलवार सुबह नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने एक अनोखी पहल करते हुए कचरा फैलाने वाले व्यक्ति के घर के बाहर पूरी कचरा गाड़ी ही खाली करवा दी। इस कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और सफाई को लेकर प्रशासन का कड़ा संदेश घर-घर पहुंच गया।
क्या है पूरा मामला?
जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के निर्देशन में मंगलवार सुबह घोड़ा चौराहा से पोहरी बस स्टैंड तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ कर रहे थे। अभियान के दौरान पाया गया कि घोड़ा चौराहा निवासी हिमाचल धाकड़ को नगर पालिका की टीम द्वारा कई बार अपने घर के बाहर फैले कचरे को हटाने की समझाइश दी जा चुकी थी। नोटिस देने और मौखिक चेतावनी के बावजूद उन्होंने कचरा नहीं हटाया। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ इशांक धाकड़ ने मौके पर ही सख्त कदम उठाया। उन्होंने नगर पालिका की कचरा गाड़ी को बुलवाकर हिमाचल धाकड़ के घर के मुख्य द्वार के सामने ही पूरा कचरा खाली करवा दिया।
सीएमओ ने कहा - "समझाइश का असर नहीं, तो सख्ती जरूरी"
मौके पर मौजूद सीएमओ इशांक धाकड़ ने कहा, "स्वच्छ भारत अभियान सिर्फ सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। जब बार-बार समझाने पर भी लोग नहीं मानते तो उन्हें कड़ा संदेश देना जरूरी हो जाता है। हमारा मकसद किसी को परेशान करना नहीं, बल्कि शहर को साफ रखना है।"
15 मिनट बाद कराई सफाई
हालांकि घर के बाहर कचरा डलवाने के करीब 15 मिनट बाद नगर पालिका की टीम ने खुद ही उस कचरे को हटा दिया और पूरे क्षेत्र की सफाई कराई। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि यह कार्रवाई केवल सांकेतिक थी ताकि लोग सफाई के प्रति गंभीर हों। हिमाचल धाकड़ ने भी अपनी गलती मानी और भविष्य में घर के बाहर कचरा न फैलाने का आश्वासन दिया।
जिला प्रशासन सख्त
जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने कहा कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हमारी प्राथमिकता है। "जो लोग सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाएंगे या सफाई में सहयोग नहीं करेंगे, उन पर इसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो जुर्माना भी लगाया जाएगा।"
शहर में चर्चा का विषय
सीएमओ की इस अनोखी पहल के बाद पूरे शहर में यह मामला चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका के इस कदम का स्वागत किया। लोगों का कहना है कि अगर इसी तरह सख्ती रही तो शिवपुरी जल्द ही कचरा मुक्त शहर बन जाएगा।


