किसानों का फूटा गुस्सा: “लूट बंद करो”… भारतीय किसान संघ ने दी आर-पार आंदोलन की चेतावनी

0


शिवपुरी: भारतीय किसान संघ ने किसानों की विभिन्न समस्याओं और उपार्जन केंद्रों पर कथित भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को संगठन के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन के नाम ज्ञापन सौंपते हुए साफ चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं हुआ तो जिलेभर के हजारों किसान भोपाल पहुंचकर सीएम हाउस का घेराव करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।


उपार्जन केंद्रों पर किसानों से “कटौती और वसूली” के आरोप

संघ ने जिले के सभी 49 गेहूं, चना एवं मसूर उपार्जन केंद्रों पर भारी अनियमितताओं का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि कई केंद्रों पर “सैंपल” के नाम पर 10 किलो तक अनाज काट लिया जाता है और उसे वापस नहीं किया जाता। इतना ही नहीं, प्रति बोरी तौल पर 5 रुपए तक की अवैध वसूली किए जाने के आरोप भी लगाए गए हैं।


संगठन ने अटलपुर सोसाइटी, बदरवास एवं मां कैलादेवी वेयरहाउस कोलारस सहित कई केंद्रों का नाम लेते हुए दोषी कर्मचारियों और अधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।


मंडी में रोजाना लाखों की लूट का आरोप

शिवपुरी कृषि उपज मंडी पिपरसमा में लहसुन और प्याज खरीदी को लेकर भी किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों के अनुसार मंडी में 42 किलो तौलकर केवल 40 किलो का भुगतान किया जा रहा है। इसके अलावा अतिरिक्त कटौती, निजी गोदामों में अवैध तुलाई और आढ़तियों द्वारा 5 प्रतिशत तक वसूली की जा रही है।


किसान संघ का दावा है कि मंडी में प्रतिदिन 1000 से 1500 ट्रॉलियों की आवक होती है और इस गड़बड़ी के चलते किसानों से रोजाना 15 से 20 लाख रुपए तक की आर्थिक लूट हो रही है।


खेतों के ऊपर झूल रहे बिजली के तार, हादसे का खतरा

ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर बिजली व्यवस्था का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया गया। किसानों ने कहा कि कई गांवों में बिजली के तार खेतों के ऊपर झूल रहे हैं और पुराने पोल कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। संगठन ने आगामी कृषि सीजन से पहले सभी गांवों में सर्वे कराकर बिजली लाइन और पोल बदलने की मांग की है।


ये भी रखीं प्रमुख मांगें

कृषि मशीनरी पर अधिक अनुदान


उपार्जन केंद्रों पर बड़े फ्लैट कांटों से एकमुश्त तौल


ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की निष्पक्ष जांच


राजस्व विभाग में कथित अवैध वसूली बंद करने की मांग


“अब नहीं रुकेगा आंदोलन”

किसान संघ ने दो टूक कहा है कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो किसानों के हित में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा।


इस दौरान प्रांतीय पदाधिकारी पवन शर्मा, जिला अध्यक्ष ब्रजेश सिंह धाकड़, संभागीय सदस्य राजेश वर्मा, जिला प्रचार-प्रसार प्रमुख दीपेंद्र पाल सहित तहसील अध्यक्ष एवं कई पदाधिकारी एवं किसान मौजूद रहे।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top