कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा ने जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर समस्त जनपद सीईओ को निर्देश दिए हैं। कलेक्टर वर्मा के निर्देश अनुसार ग्राम पंचायत में जल गंगा संवर्धन अभियान को लेकर काम किया जा रहा है। अभी विकासखंड पोहरी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऑफिसर सिंह गुर्जर ने एक अनोखी पहल शुरू की है। उन्होंने जल संरक्षण के साथ ही इस भीषण गर्मी में पक्षियों के संरक्षण की ओर भी ध्यान दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था की शुरुआत की गई है। यह पहल पोहरी के ग्राम नोनेटा खुर्द से की गई है।
गांव में विभिन्न स्थानों पर पक्षियों के लिए सकोरे और दाना पात्र रखवाए गए तथा ग्रामीणों से भी गर्मी के मौसम में पक्षियों की सुरक्षा एवं संरक्षण में सहयोग करने की अपील की गई। कार्यक्रम में सरपंच श्रीमती धानवती आदिवासी, सचिव साविर खान, सहायक सचिव रजनीश धाकड़ सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आफीसर सिंह गुर्जर ने कहा है कि जल संरक्षण के साथ-साथ जीव-जंतुओं और पक्षियों की सुरक्षा भी समाज की जिम्मेदारी है। इस अभियान के माध्यम से लोगों में पर्यावरण संरक्षण और जीवों के प्रति संवेदनशीलता का संदेश दिया जा रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए अभियान में सक्रिय भागीदारी करने का संकल्प लिया।


