शिवपुरी जिले में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा सामने आया, जहां कटमई फोर लाइन पर परमजीत ढाबा के पास खड़े एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। सुबह करीब 9 बजे लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया और पूरा ट्रक धूं-धूं कर जलने लगा। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से ही धुएं का गुब्बार देखा जा सकता था, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक मेरठ से चलकर इंदौर की ओर जा रहा था तभी कुछ कारण बस ड्राइवर ने ट्रक होटल पर सड़क किनारे खड़ा किया और अचानक उसमें से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के आगे उनके प्रयास नाकाफी साबित हुए। मौके पर फायर ब्रिगेड भी पहुंची लेकिन आग इतनी भयानक थी कि काबू पाना मुश्किल हुआ
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण बायरिंग (शॉर्ट सर्किट) बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रक के अंदर मौजूद वायरिंग में अचानक खराबी आने से चिंगारी भड़की, जिसने देखते ही देखते भीषण आग का रूप ले लिया। हालांकि, प्रशासन द्वारा अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
कीमती सामान जलकर हुआ नष्ट
ट्रक में परचून का सामान, स्टेशनरी, हार्डवेयर सामग्री के साथ-साथ पेंट्स और कलर भरे हुए थे, जो पूरी तरह जलकर राख हो गए। आग के कारण ट्रक का ढांचा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस हादसे में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
मौके पर पहुंची टीम, पाया काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक ट्रक और उसमें रखा अधिकांश सामान पूरी तरह जल चुका था।
बड़ा हादसा टला
गौरतलब है कि घटना स्थल के पास ढाबा और अन्य गतिविधियां संचालित होती हैं। ऐसे में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
प्रशासन जुटा जांच में
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है। साथ ही नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
यह घटना एक बार फिर वाहनों में सुरक्षा और नियमित जांच की आवश्यकता को उजागर करती है, ताकि इस तरह के हादसों को भविष्य में रोका जा सके।


