पुलिस अधीक्षक अमन सिंह राठौड़ द्वारा जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए समस्त थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसी तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं सीएसपी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली टीआई रोहित दुबे की टीम को रविवार, 3 मई को दोपहर 12 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे स्टेशन मालगोदाम के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने की फिराक में खड़ा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर संदिग्ध व्यक्ति ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क बल ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम राजू राठौर उम्र 36 साल निवासी फतेहपुर टोंगरा रोड, शिवपुरी बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 17.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत अपराध क्रमांक 346/26 दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह यह स्मैक कहां से लाया था और शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। बाहरी जिलों और राज्यों से आने वाले नशा तस्करों पर भी पुलिस की पैनी नजर है।
इस सफल कार्यवाही में टीआई रोहित दुबे, उनि. सुमित शर्मा, उनि. मुरारी यादव, प्र.आर. गजेन्द्र परिहार, शैतान सिंह, महेश भास्कर, मोहन चौहान, राजवीर सिंह, संतोष बैस तथा आरक्षक सुमित सेंगर, सोमवीर सिंह, दीपक दिलेवर और दिनेश सिंह की मुख्य भूमिका रही।


