सांसद वीडी शर्मा के भतीजे की कार हादसे के बाद विवाद, मारपीट और धमकी के आरोप

0


 शिवपुरी/बदरवास। जिले के बदरवास थाना क्षेत्र में सोमवार शाम नेशनल हाईवे पर एक सड़क हादसे के बाद विवाद खड़ा हो गया। सांसद वीडी शर्मा के भतीजे प्रमोद शर्मा ने होटल संचालक और उसके साथियों पर मारपीट, धमकी और जबरन पैसे मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, दूसरे पक्ष ने इन आरोपों को निराधार बताते हुए खुद को निर्दोष बताया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, प्रमोद शर्मा अपने परिवार के साथ कार से इंदौर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बदरवास क्षेत्र स्थित आदित्य होटल के पास एक काली स्कॉर्पियो वाहन से उनकी कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार परिवार के कुछ सदस्य घायल हो गए, जिनमें बच्चे और महिला भी शामिल बताए जा रहे हैं।

प्रमोद शर्मा का आरोप है कि हादसे के बाद मौके पर मौजूद होटल संचालक और कुछ लोगों ने सहायता करने के बजाय उनके साथ अभद्रता की तथा मारपीट की। उन्होंने आरोप लगाया कि उनसे कथित रूप से 50 हजार रुपये की मांग की गई और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

वहीं, होटल संचालक ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि उन्होंने दुर्घटना के बाद परिवार की मदद की थी, लेकिन विवाद के दौरान दूसरे पक्ष द्वारा अभद्र व्यवहार किया गया। होटल संचालक ने यह भी दावा किया कि उनकी गाड़ी से जुड़े दस्तावेज छीनने की कोशिश की गई।

घटना के बाद घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज शिवपुरी पहुंचाया गया। पुलिस ने मामले में देहाती नालसी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान और घटनास्थल के तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top