बिजली चोरी का विरोध करना पड़ा भारी, चाय दुकान में तोड़फोड़ कर पिता-पुत्र समेत तीन को पीटा

0


 शिवपुरी जिले की लुकवासा चौकी क्षेत्र अंतर्गत पूरनखेड़ी टोल प्लाजा के पास संचालित एक चाय-नाश्ते की दुकान पर गुरुवार रात जमकर हंगामा हो गया। बिजली चोरी का विरोध करने पर कुछ लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए पिता-पुत्र समेत तीन लोगों के साथ लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट कर दी। घटना में घायल तीनों लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


घायल रामजीलाल लोधी निवासी पूरनखेड़ी ने बताया कि वह टोल प्लाजा के पास स्टॉल पर चाय-नाश्ते की दुकान चलाता है। दुकान की बिजली आपूर्ति के लिए उसने स्मार्ट मीटर लगवा रखा है। आरोप है कि पड़ोसी जितेंद्र रघुवंशी रात के समय उसके मीटर से अवैध रूप से बिजली चोरी करता था, जिससे उसका बिजली बिल अधिक आने लगा था।


रामजीलाल के अनुसार गुरुवार रात करीब 11 बजे जब वह दुकान पर पहुंचा तो उसने देखा कि जितेंद्र रघुवंशी ने मीटर में बिजली के तार जोड़ रखे थे। जब उसने इसका विरोध किया तो जितेंद्र रघुवंशी अपने साथियों के साथ आ गया और उसके, उसके बेटे शिवकुमार लोधी तथा दामाद के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ भी की।


घटना की सूचना मिलने के करीब एक घंटे बाद डायल 112 मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी आरोपी फरार हो चुके थे। बाद में घायलों को हाईवे एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top