28 टैंकरों से मोर्चा, बड़े टैंकरों से भरे जाएंगे संपवैल
सीएमओ इशांक धाकड़ ने बताया कि शहर के विभिन्न वार्डों में पानी की निर्बाध सप्लाई के लिए 28 टैंकर मैदान में उतार दिए गए हैं। इनमें 24,000 लीटर क्षमता वाले 6 बड़े टैंकर विशेष रूप से शामिल हैं, जो लगातार संपवैल को रीचार्ज करेंगे ताकि मुख्य सप्लाई व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यकता पड़ी तो टैंकरों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदारों को सख्त लहजे में निर्देशित किया कि यदि कहीं मोटर खराब होती है या पाइप बढ़ाने की जरूरत है, तो तत्काल कार्रवाई की जाए; इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
दबंग के कब्जे से मुक्त कराया बोर, फल मंडी में बढ़े पाइप
नगर पालिका की इस मुहिम में उन वार्डों को प्राथमिकता दी जा रही है जहाँ बोर या पाइपलाइन की सुविधा नहीं है। एक बड़ी कार्रवाई के तहत वार्ड 29 और 30 में भूरा बाथम नाम के व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जे में लिए गए बोर को सीएमओ धाकड़ ने मौके पर पहुंचकर तत्काल मुक्त कराया, जिससे अब वहां जनता को पानी मिल सकेगा। इसके अलावा, पूरे शहर की जलापूर्ति को प्रभावित करने वाले फल मंडी स्थित मुख्य बोर में भी नए पाइप डलवाकर उसकी क्षमता बढ़ाई गई है।
मंगलवार से मिलेगी बड़ी राहत
सीएमओ ने शहरवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगामी मंगलवार से शहर में मणिखेड़ा जल आवर्धन योजना की सप्लाई पूरी तरह सुचारू हो जाएगी। साथ ही नई मोटरें आते ही पेयजल व्यवस्था और अधिक मजबूत हो जाएगी।
सीएमओ इशांक धाकड़ की इस त्वरित कार्यप्रणाली और मुस्तैदी की शहरवासी जमकर सराहना कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि अगर अधिकारी इसी तरह फील्ड में डटे रहे, तो शहर को भीषण गर्मी में भी जल संकट का अहसास नहीं होगा।
टैंकर से पानी भरने से रोका, तो कर्मचारी पर फेंकी लोहे की बाल्टी; नाक फटी
शिवपुरी। शहर के छोटा लुहारपुरा (दिनेश रेडियो के सामने वाली गली) में शनिवार दोपहर करीब 2:30 बजे पानी के विवाद में एक युवक ने नगर पालिका के टैंकर कर्मी पर जानलेवा हमला कर दिया।
मेमदपुर (थाना सिरसौद) निवासी फरियादी मजबूत सिंह रावत ने पुलिस को बताया कि वह अपने दोस्त शिवसिंह धाकड़ के साथ टैंकर से पानी बांट रहा था। इसी दौरान आसू सोनी नामक युवक जबरन टैंकर के ऊपर चढ़कर पानी भरने लगा। जब मजबूत सिंह ने उसे मना किया, तो आसू मां-बहन की गंदी गालियां देने लगा। विरोध करने पर आरोपी ने हाथ में ली हुई लोहे की भारी बाल्टी खींचकर मार दी, जो सीधे मजबूत सिंह की नाक पर लगी। हमला इतना तेज था कि उसकी नाक फट गई और खून बहने लगा। घटना के वक्त मौजूद रामेश्वर कुशवाह और दिलीप रजक ने बीच-बचाव किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इस पूरे मामले पर संज्ञान लेते हुए नगर पालिका सीएमओ इशांक धाकड़ ने कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया है कि भीषण गर्मी में जनता की सेवा कर रहे नपा कर्मियों के साथ अभद्रता या हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



