जानकारी के अनुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मूले एवं नगर पुलिस अधीक्षक संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में कोतवाली थाना प्रभारी (TI) रोहित दुबे द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ एक विशेष टीम गठित की गई थी।
दिनांक 20 मई 2026 को सुबह 10 बजे पुलिस को पुख्ता मुखबिर से सूचना मिली कि होटल ग्रीन व्यू के आगे, फॉरेस्ट चौकी के पास पुलिया पर एक व्यक्ति स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर रवाना हुई।
मौके पर पुलिस टीम को देखकर बिना नंबर की बाइक पर बैठा युवक भागने का प्रयास करने लगा। मुस्तैद पुलिस स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि सरदार (उम्र 23 वर्ष), पुत्र काबुल सरदार, निवासी बड़ागांव, थाना देहात, शिवपुरी बताया।
जब पुलिस ने आरोपी रवि सरदार की तलाशी ली, तो उसके लोअर की बाईं जेब से एक पारदर्शी पन्नी बरामद हुई। पन्नी को खोलने पर उसमें 15.82 ग्राम अवैध स्मैक पाई गई। पुलिस ने मौके पर ही स्मैक और मोटरसाइकिल को जब्त कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली पुलिस ने आरोपी रवि सरदार के खिलाफ अपराध क्रमांक 389/26, धारा 8/21 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में ले लिया है। पुलिस अब आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है कि वह यह स्मैक कहाँ से लेकर आया था और शहर में किन-किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। पुलिस का कहना है कि सोर्स का पता चलते ही अन्य आरोपियों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर को नशामुक्त करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। बाहरी जिलों और राज्यों से आकर शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और जल्द ही कुछ और बड़े खुलासे हो सकते हैं।
इस शानदार सफलता और त्वरित कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक रोहित दुबे, उपनिरीक्षक (SI) अमित चतुर्वेदी, SI सुमित शर्मा, सहायक उपनिरीक्षक (ASI) प्रवीण त्रिवेदी, ASI विवेक भट्ट, प्रधान आरक्षक गजेन्द्र, जितेन्द्र रायपुरिया, विनय सिंह, अवतार सिंह, नरेश दुबे, आरक्षक महेन्द्र तोमर, राहुल कुमार, देवेन्द्र रावत, जितेन्द्र रावत और आरक्षक चालक शरद यादव की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।


