ज्ञापन में संगठन ने बताया कि दिनांक 19 जून 2026 को पिछोर तहसील क्षेत्र में खनिज निरीक्षक द्वारा खनिज परिवहन से जुड़े एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान मौके पर मौजूद लोधी युवा शक्ति संगठन के कार्यकर्ता मंगल लो एवं अन्य लोगों द्वारा पूरी कार्रवाई का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया जा रहा था, ताकि कार्रवाई की पारदर्शिता बनी रहे।
संगठन का आरोप है कि वीडियो बनाने के दौरान खनिज निरीक्षक शुभम सिंह दीक्षित द्वारा मंगल लोधी का मोबाइल अपने कब्जे में ले लिया गया। जब मोबाइल वापस मांगा गया तो कथित रूप से उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। संगठन ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी उपलब्ध है, जिसे साक्ष्य के रूप में पुलिस को सौंपा गया है।
लोढ़ युवा शक्ति संगठन ने अपने ज्ञापन में कहा कि यदि किसी अधिकारी द्वारा जनता के साथ इस प्रकार का व्यवहार किया जाता है तो यह गंभीर विषय है। संगठन ने मांग की है कि घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाए, संबंधित अधिकारी की भूमिका की जांच की जाए तथा दोष सिद्ध होने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही संगठन ने घटना में कथित रूप से उपयोग किए गए 112 डायल वाहन की भूमिका, अनुमति एवं प्रक्रिया की भी जांच कराने की मांग रखी है। संगठन का कहना है कि जांच पूरी होने तक संबंधित अधिकारी को जिम्मेदारी से अलग रखा जाए, ताकि जांच प्रभावित न हो।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि प्रशासन द्वारा समय सीमा में निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की गई तो लोढ़ी युवा शक्ति संगठन लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करने के लिए मजबूर होगा। संगठन ने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले में जल्द कार्रवाई कर न्याय दिलाने की मांग की है।

