जानकारी के अनुसार, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि मनियर ईस्मा रेलवे अंडरब्रिज के पास एक व्यक्ति स्मैक बेचने की नीयत से खड़ा है। सूचना के आधार पर थाना प्रभारी रोहित दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 21.80 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मनोज कुचवंदिया (38 वर्ष), निवासी सहराना मनियर, शिवपुरी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पुलिस अब स्मैक की सप्लाई चेन और इसके स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी पहले से भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित कई अन्य मामलों में अपराध दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि शिवपुरी को नशा मुक्त बनाने के लिए ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे और नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


