प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अचानक पहुंचे युवकों ने शोरूम में घुसते ही गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर लाठी-डंडों एवं अन्य वस्तुओं से वाहनों और शोरूम में तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।
शोरूम संचालक ने आरोप लगाया कि तोड़फोड़ के दौरान हमलावर शोरूम के गल्ले में रखी नकदी भी अपने साथ ले गए। उन्होंने बताया कि घटना में शोरूम को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी वारदात कैद होने की बात भी सामने आई है, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी रोहित दुबे भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, कर्मचारियों एवं शोरूम संचालक से जानकारी ली तथा साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि शोरूम संचालक की शिकायत के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज की जा रही है। पुलिस का दावा है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
इस घटना के बाद व्यापारियों में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय व्यापारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि यदि इस तरह की घटनाओं पर तत्काल कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों में असुरक्षा की भावना और बढ़ेगी।


