कल्लू महाराज ने बताया कि घटना को लेकर गौ सेवा समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें समिति के सदस्यों ने गौवंश की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया। बैठक में कहा गया कि यदि किसी भी व्यक्ति द्वारा गौवंश के साथ क्रूरता की जाती है, तो उसके विरुद्ध कानून के अनुसार कार्रवाई होना आवश्यक है। समिति ने स्पष्ट किया कि वह मामले की निष्पक्ष जांच चाहती है ताकि सच्चाई सामने आ सके।
समिति का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच संबंधित विभाग द्वारा कराई जानी चाहिए। यदि जांच में यह सिद्ध होता है कि किसी कर्मचारी या वाहन चालक की लापरवाही अथवा जानबूझकर की गई हरकत से बछड़े की मौत हुई है, तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए।
बैठक में मौजूद सदस्यों ने गौवंश की सुरक्षा के लिए प्रशासन से प्रभावी कदम उठाने की अपील की। इस दौरान समिति के सदस्य जितेन लोधी, दीपक तिवारी, संजू ठाकुर, दीपक लोधी, बीरबल लोधी, छोटू पाल और पुष्पेंद्र तिवारी सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
गौ सेवा समिति ने पुलिस विभाग से भी अपील की कि गौवंश के प्रति संवेदनशीलता बरती जाए तथा ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। समिति ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी संस्था या विभाग को बदनाम करना नहीं, बल्कि गौवंश की सुरक्षा सुनिश्चित करना और यदि कोई दोषी हो तो उसके विरुद्ध निष्पक्ष कार्रवाई कराना है।


