बकरी का शिकार करने खेत में पहुंचा 8 फीट लंबा अजगर, सर्प मित्र सलमान पठान ने रेस्क्यू कर बचाई जान

0


 नरवर। नगर के 14 महादेव मंदिर के पीछे स्थित एक खेत में उस समय हड़कंप मच गया, जब करीब 8 फीट लंबा विशाल अजगर बकरी का शिकार करने पहुंच गया। बकरी के जोर-जोर से मिमियाने की आवाज सुनकर उसका मालिक खेत की ओर दौड़ा। वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। विशालकाय अजगर बकरी के बेहद करीब पहुंच चुका था और हमला करने की फिराक में था।

घटना की सूचना तत्काल नरवर निवासी एवं सर्प मित्र सलमान पठान को दी गई। सूचना मिलते ही सलमान पठान मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद उन्होंने विशाल अजगर को सुरक्षित पकड़कर खेत से बाहर निकाला।

रेस्क्यू के दौरान मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सलमान पठान ने लोगों को बताया कि अजगर जहरीला नहीं होता, लेकिन उसकी ताकत बेहद खतरनाक होती है। वह अपने शिकार को मजबूत कुंडली में जकड़कर उसका दम घोंट देता है। यदि कोई व्यक्ति या बड़ा जानवर उसकी पकड़ में आ जाए तो उसकी जान भी जा सकती है। इसलिए ऐसे वन्यजीव दिखने पर घबराने या उन्हें मारने की बजाय तुरंत विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना देना चाहिए।

रेस्क्यू के बाद सलमान पठान ने वन्यजीव संरक्षण का संदेश देते हुए अजगर को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया। ग्रामीणों ने उनके साहस, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई की सराहना की। समय रहते किए गए इस रेस्क्यू से एक बकरी की जान बच गई और क्षेत्र में संभावित बड़ा हादसा भी टल गया।

स्थानीय लोगों ने अपील की है कि बारिश के मौसम में खेतों और आबादी के आसपास सांप एवं अन्य वन्यजीव निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में सभी नागरिक सतर्क रहें और किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर स्वयं जोखिम उठाने के बजाय प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को तत्काल सूचना दें।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top