घर और स्टेशनरी दुकान में चोरी, परिवार को बेहोश करने का आरोप; कार्रवाई नहीं होने पर एसपी से लगाई गुहार

0


 शिवपुरी शहर के नाई की बगिया क्षेत्र में रहने वाले मनीष गर्ग ने अपने घर और स्टेशनरी दुकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया, जिसके चलते परिवार में दहशत का माहौल है।


मनीष गर्ग ने बताया कि 4 जुलाई की रात वह परिवार के साथ घर और नीचे संचालित हर्ष स्टेशनरी दुकान में ताला लगाकर सो गए थे। 5 जुलाई की सुबह करीब 7 बजे जब उनकी नींद खुली तो घर और दुकान का सामान बिखरा पड़ा था। दुकान के गल्ले का ताला टूटा मिला और उसमें रखे करीब 25 हजार रुपये नकद गायब थे।


पीड़ित का कहना है कि वारदात पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है, जिसमें देर रात कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं। उनका आरोप है कि बदमाश हथियारों से लैस थे और वारदात से पहले किसी गैस या अन्य पदार्थ का इस्तेमाल किया, जिससे पूरा परिवार गहरी नींद में सोता रह गया और किसी को घटना की भनक नहीं लगी।


मनीष गर्ग ने बताया कि घटना के तुरंत बाद 5 जुलाई को उन्होंने थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक न तो एफआईआर दर्ज की गई और न ही कोई ठोस कार्रवाई हुई। इसी कारण उन्होंने बुधवार को पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर अपराध दर्ज करने, आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


पीड़ित ने कहा कि इस घटना के बाद पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है और उन्हें अपनी तथा परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। वहीं, एडिशनल एसपी संजीव मुले ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top