जानकारी के अनुसार खोड़ चौकी क्षेत्र के आसपुर गांव निवासी 25 वर्षीय प्रीति परिहार पत्नी वीरू परिहार को प्रसव पीड़ा होने पर भौती थाना क्षेत्र के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह उसने एक बच्ची को जन्म दिया। प्रसव के कुछ समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।
मौत की खबर मिलते ही शहर की जवाहर कॉलोनी निवासी प्रीति के मायके पक्ष के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। उन्होंने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रीति को लंबे समय से प्रताड़ित किया जा रहा था और गर्भावस्था के दौरान भी उसे उचित इलाज नहीं मिल पाया।
मृतका की बहन प्रियंका परिहार ने आरोप लगाया कि पिछले दो महीने से परिवार के लोग प्रीति को बेहतर उपचार के लिए मायके लाना चाहते थे, लेकिन उसके पति वीरू परिहार और अन्य ससुराल वालों ने उसे भेजने से इनकार कर दिया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पुलिस से भी शिकायत की गई थी, बावजूद इसके कोई समाधान नहीं निकला। उनका आरोप है कि इलाज में लापरवाही और समय पर उचित देखभाल नहीं मिलने के कारण प्रीति की जान चली गई।
अस्पताल चौकी पुलिस ने मर्ग कायम कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


