पोहरी चौराहे पर चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, यातायात प्रभारी रणवीर यादव की सख्त कार्रवाई से खुला रास्ता

0


 शिवपुरी। शहर में लगातार बढ़ती यातायात समस्या और पोहरी चौराहे पर रोजाना लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए मंगलवार को यातायात पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। इस दौरान यातायात प्रभारी रणवीर यादव के नेतृत्व में पोहरी चौराहे पर सड़क किनारे लगे अस्थायी अतिक्रमण, ठेले, गुमटियां एवं अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया।

कार्रवाई के दौरान नगर पालिका का अमला भी मौके पर मौजूद रहा। टीम ने सड़क और चौराहे के आसपास अतिक्रमण कर व्यवसाय कर रहे लोगों को पहले समझाइश दी और इसके बाद सड़क पर यातायात में बाधा बन रहे ठेले एवं गुमटियों को हटाया। इस कार्रवाई से लंबे समय से संकरी हो चुकी सड़क फिर से खुली नजर आई और यातायात व्यवस्था सुचारु होती दिखाई दी।

गौरतलब है कि पोहरी चौराहा शहर के सबसे व्यस्त चौराहों में शामिल है, जहां सुबह से देर शाम तक वाहनों का भारी दबाव रहता है। सड़क किनारे अस्थायी अतिक्रमण के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती थी, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। स्थानीय नागरिक लंबे समय से प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे थे।

यातायात प्रभारी रणवीर यादव ने स्पष्ट किया कि शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक सड़कों और चौराहों पर अतिक्रमण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि हटाए गए अतिक्रमण दोबारा लगाए गए तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की है कि वे सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। शहर को जाम मुक्त बनाने के उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे संयुक्त अभियान चलाए जाएंगे, ताकि आमजन को सुरक्षित और सुगम यातायात की सुविधा मिल सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top