शिवपुरी के माधव चौक पर जंतर-मंतर समर्थन प्रदर्शन में हंगामा: भाजपा नेता और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की, पुलिस ने कराया मामला शांत

0

 


दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के समर्थन में शिवपुरी शहर के माधव चौक पर बुधवार को दूसरे दिन हुए प्रदर्शन के दौरान विवाद की स्थिति बन गई। प्रदर्शन में शामिल युवाओं, कुछ मीडियाकर्मियों और भाजपा नेता के बीच कहासुनी के बाद माहौल गर्मा गया। देखते ही देखते भाजपा नेता और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाइश देकर मामला शांत कराया।


जानकारी के अनुसार, युवा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अपने भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के समर्थन में शिवपुरी के माधव चौक पर दो दिनों से सांकेतिक प्रदर्शन कर रहे हैं। प्रदर्शन से पहले छात्रों ने कलेक्टर से अनुमति भी मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं मिलने के बाद वे प्रतिदिन कुछ घंटे के लिए एकत्रित होकर विरोध दर्ज करा रहे हैं।


बुधवार को प्रदर्शन के दौरान कुछ मीडियाकर्मी कवरेज के लिए मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों द्वारा "गोदी मीडिया" के नारे लगाए गए, जिस पर मीडियाकर्मियों ने आपत्ति जताई। इसी दौरान भाजपा नेता आशुतोष शर्मा भी मौके पर पहुंच गए।


भाजपा नेता आशुतोष शर्मा का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं द्वारा "आजादी" से जुड़े नारे लगाए जा रहे थे, जिसका उन्होंने विरोध किया। उनका कहना है कि विरोध करने पर उनके साथ झूमाझटकी की गई।


वहीं प्रदर्शन में शामिल युवाओं का आरोप है कि भाजपा नेता ने बिना किसी कारण उनके शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बीच पहुंचकर माहौल खराब करने की कोशिश की और अनावश्यक विवाद खड़ा किया।


हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर समझाइश दी, जिसके बाद स्थिति सामान्य हो गई। घटना के बाद कुछ देर तक माधव चौक पर तनाव का माहौल बना रहा, हालांकि पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्वक समाप्त हो गया।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top