भैया होटल पर जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: अतिक्रमण ध्वस्त, होटल सील, शराब, जेसीबी-डंपर और घरेलू गैस सिलेंडर जब्त

0


 शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट  के निर्देश पर मंगलवार को जिला प्रशासन ने ग्राम ककरवाया स्थित भैया होटल पर बड़ी संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए। कार्रवाई के दौरान होटल परिसर में शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को मौके पर ही हटाकर ध्वस्त कर दिया गया, भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई, अवैध उत्खनन में प्रयुक्त मशीनरी और वाहन कब्जे में लिए गए तथा होटल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

प्रशासन की इस संयुक्त कार्रवाई में राजस्व, आबकारी, खनिज, पुलिस एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों की टीम शामिल रही। अधिकारियों ने होटल परिसर का गहन निरीक्षण किया, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच के दौरान पाया गया कि होटल का संचालन दारासिंह पुत्र बारेलाल परिहार द्वारा किया जा रहा था तथा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं। इस पर संबंधित संचालक के विरुद्ध 25 हजार रुपये का अर्थदंड भी अधिरोपित किया गया।

छापामार कार्रवाई के दौरान होटल परिसर में अवैध रूप से मदिरा का भंडारण पाए जाने पर आबकारी विभाग ने बड़ी संख्या में शराब की पेटियां जब्त कीं। वहीं खनिज विभाग की जांच में अवैध उत्खनन से जुड़ी गतिविधियों की पुष्टि होने पर मौके से एक जेसीबी मशीन, डंपर और ट्रॉली को जब्त कर पुलिस थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया गया, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।

खाद्य विभाग की टीम ने होटल के किचन का निरीक्षण किया तो पाया कि व्यावसायिक उपयोग के लिए घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल किया जा रहा था। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर छह घरेलू गैस सिलेंडर जब्त कर लिए गए तथा होटल के किचन और भोजन कक्ष को सील कर दिया गया।

प्रशासन ने होटल में पाई गई विभिन्न गंभीर अनियमितताओं, अवैध गतिविधियों और सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को देखते हुए पूरे होटल को तत्काल प्रभाव से सील करने की कार्रवाई की। इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में सरकारी भूमि पर कब्जा, अवैध शराब का कारोबार, अवैध उत्खनन और अन्य गैर-कानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि यदि कहीं भी शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, अवैध उत्खनन, अवैध शराब का कारोबार अथवा अन्य गैर-कानूनी गतिविधियां संचालित होती दिखाई दें तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top