छात्र आंदोलन में मारपीट, जातिसूचक गाली और धमकी देने का आरोप, कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

0


 शिवपुरी। जिले के एक छात्र ने भाजपा नेता आशुतोष शर्मा पर शांतिपूर्ण छात्र आंदोलन के दौरान अभद्रता, मारपीट, जातिसूचक गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप लगाते हुए जिला कलेक्टर को आवेदन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में कहा गया है कि पुलिस अधीक्षक को 23 जुलाई 2026 को शिकायत देने के बावजूद अब तक कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते न्याय की मांग को लेकर कलेक्टर से हस्तक्षेप की अपील की गई है।

आवेदक ऋषभम करोसिया निवासी शिवपुरी ने आवेदन में बताया कि 22 जुलाई 2026 को वह अन्य छात्र-छात्राओं के साथ पेपर लीक प्रकरण के विरोध में अपने संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहा था। प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण था और किसी प्रकार की अव्यवस्था या हिंसा नहीं हो रही थी।

आवेदन के अनुसार, इसी दौरान भाजपा नेता आशुतोष शर्मा अपने कुछ साथियों के साथ प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे और बिना किसी कारण प्रदर्शन में हस्तक्षेप करने लगे। आरोप है कि उन्होंने आवेदक के साथ अभद्र व्यवहार किया, धक्का-मुक्की की, कपड़े फाड़ दिए, जातिसूचक गालियां दीं तथा जान से मारने की धमकी दी। इससे प्रदर्शन का शांतिपूर्ण माहौल बिगड़ गया और वहां मौजूद छात्रों में भय एवं तनाव का वातावरण बन गया।

आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त कृत्य न केवल कानून के विरुद्ध है, बल्कि नागरिकों के शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक विरोध-प्रदर्शन के अधिकार का भी उल्लंघन है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस घटना से उसे मानसिक एवं शारीरिक पीड़ा हुई तथा सार्वजनिक शांति और व्यवस्था भी प्रभावित हुई।

शिकायत में यह आरोप भी लगाया गया है कि घटना के बाद भी आशुतोष शर्मा सोशल मीडिया पर तथ्यों से परे बयान दे रहे हैं। आवेदक का कहना है कि यदि उनके पास किसी प्रकार के साक्ष्य हैं तो उन्हें संबंधित जांच एजेंसी के समक्ष प्रस्तुत करें, न कि समाज में भ्रम और अशांति फैलाने वाले बयान दें।

आवेदक ने यह भी आरोप लगाया है कि आशुतोष शर्मा भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता होने के कारण प्रशासन उनके विरुद्ध कार्रवाई करने में हिचकिचा रहा है। उन्होंने जिला कलेक्टर से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आशुतोष शर्मा एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top