शिवपुरी के सिरसौद थाना क्षेत्र से दर्दनाक खबर सामने आई है।
सिकराऊदा गांव में शुक्रवार को नदी के तेज बहाव में बहे 21 वर्षीय युवक राम रावत का शव रविवार सुबह बरामद कर लिया गया।
राम पुत्र राजू रावत शुक्रवार दोपहर सिकराऊदा गांव में नदी पर बने रपटा को पार कर रहा था। इसी दौरान अचानक नदी का तेज बहाव आया और वह पानी में बह गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिरसौद थाना पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में युवक की तलाश शुरू की। शनिवार को भी सुबह से देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन राम का कोई सुराग नहीं मिल सका।
इसी दौरान रविवार सुबह नदी का जलस्तर कुछ कम हुआ। ग्रामीणों की नजर घटनास्थल से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर गहलोनी के पास नदी किनारे पड़े शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सिरसौद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह भी मौके पर पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
दो दिन तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद युवक का शव मिलने से गांव में मातम पसरा हुआ है।


