सोशल मीडिया पर ब्राह्मण और जाटव समाज के खिलाफ कथित अभद्र और आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में फरार चल रहे आरोपी आजाद लोधी को पुलिस ने मथुरा से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, ग्राम बैसोरा निवासी आजाद लोधी पर सोशल मीडिया के जरिए समाज विशेष के लोगों और महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप हैं। इस मामले में करैरा और पिछोर थाने में प्रकरण दर्ज किए गए थे।
मामला सामने आने के बाद सर्व समाज के लोगों में नाराजगी देखने को मिली। आरोपी की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ जिलाबदर करने की मांग को लेकर करैरा और पिछोर में लोगों ने ज्ञापन भी सौंपे थे। वहीं एसपी कार्यालय पहुंचकर भी जल्द गिरफ्तारी की मांग की गई थी।
इधर, गिरफ्तारी से पहले आरोपी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर पिछोर थाने में सरेंडर करने की बात कही थी। वीडियो में उसने अपने समर्थकों से भी साथ आने की अपील की थी। हालांकि, जन्माष्टमी के चलते वह पुलिस के सामने पेश नहीं हुआ।
इसके बाद आरोपी ने एक और वीडियो जारी कर सोमवार को पिछोर थाने में सरेंडर करने की बात कही थी। लेकिन सोमवार का इंतजार करने से पहले ही करैरा पुलिस ने उसे मथुरा से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।


