शिवपुरी शहर की संजय कॉलोनी, नमो नगर, न्यू द्वारिकापुरी और झिंगुरा कॉलोनी सहित कई निचले इलाकों में बारिश का पानी भर गया। न्यू द्वारिकापुरी में जलभराव के कारण कई परिवार घरों में फंसे रहे।
वहीं कमला हेरिटेज होटल से रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क पर करीब एक फीट तक पानी भर गया। बताया जा रहा है कि यहां सीवर लाइन के चैंबर पहले से खराब थे। जलभराव के बाद कई वाहन चैंबर में फंस गए और कुछ दोपहिया वाहन चालक घायल भी हुए।
बारिश के बीच सबसे दर्दनाक घटना सिरसौद थाना क्षेत्र के सिकरावदा गांव में सामने आई। शुक्रवार को 21 वर्षीय राम रावत रपटा पार करते समय नदी के तेज बहाव में बह गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम ने उसकी तलाश शुरू की और शनिवार देर शाम तक सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
उधर रन्नौद थाना क्षेत्र में धंधेरा और डगपीपरी गांव के बीच मौसमी नदी उफान पर होने के कारण एक बीमार बुजुर्ग को इलाज के लिए खाट पर लिटाकर नदी पार करानी पड़ी। इसके बाद उन्हें रन्नौद अस्पताल पहुंचाया गया।
इसके अलावा कई जगह लोग जान जोखिम में डालकर उफनती पुलिया और रपटों को पार करते नजर आए। रन्नौद-बामौर मार्ग पर पुलिया के ऊपर पानी बहने के बावजूद लोग बाइक निकालते दिखाई दिए।
इधर, प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि उफान पर चल रहे नदी-नालों और रपटों को पार करने की कोशिश न करें और तेज बहाव वाले रास्तों से दूर रहें।
लगातार बारिश के कारण शिवपुरी में हालात चुनौतीपूर्ण बने हुए हैं और प्रशासन की लोगों से अपील है कि सावधानी बरतें और किसी भी तरह की लापरवाही न करें।


