शिवपुरी शहर के कमलागंज इलाके में स्थित 'ए.के. मोबाइल' दुकान पर कल शाम एक शातिर चोर ने फिल्मी स्टाइल में हाथ साफ कर दिया। दुकान संचालक अरशद खान के मुताबिक, शाम करीब छह बजे एक युवक ग्राहक बनकर दुकान के अंदर आया और फोन दिखाने की जिद करने लगा। दुकानदार जब तक कुछ समझ पाता, वह बातों में उलझाकर काउंटर पर रखे दो महंगे आईफोन लेकर पलक झपकते ही फरार हो गया। चोरी हुए मोबाइलों में एक आईफोन 14 प्रो कीमत करीब 55 हजार रुपये और दूसरा आईफोन 13 कीमत करीब 35 हजार रुपये शामिल है, जिनकी कुल कीमत 90 हजार रुपये के आसपास है।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी दुकान के बाहर पहले से घात लगाकर खड़े अपने साथियों के पास पहुंचा। पास ही स्थित जनता मेडिकल स्टोर के सामने बिना नंबर प्लेट की एक अपाचे बाइक पर दो युवक उसका इंतजार कर रहे थे। चोरी को अंजाम देने के बाद वह उनके साथ बाइक पर बैठा और ग्वालियर बायपास की तरफ हवा हो गया। गनीमत यह रही कि इस पूरी घटना की कैद दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में हो गई है, जिसमें आरोपी साफ नजर आ रहा है। पीड़ित दुकानदार ने फिजिकल थाने में इस संबंध में लिखित शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस आज मंगलवार की सुबह साढ़े 8 बजे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।


