नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी होने की घटना को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नरवर की ऐतिहासिक धरोहरें क्षेत्र की गौरवशाली विरासत हैं, जिनका संरक्षण करना शासन और प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। ऐसी ऐतिहासिक धरोहर का चोरी हो जाना न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण को लेकर भी चिंता पैदा करता है।
आक्रोश रैली में शामिल कांग्रेस नेताओं ने कहा कि नरवर का किला ऐतिहासिक महत्व रखता है और यहां मौजूद प्राचीन धरोहरें क्षेत्र की पहचान हैं। इन धरोहरों की सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
कांग्रेस ने प्रशासन से मांग की कि चोरी हुई ऐतिहासिक तोप को जल्द से जल्द बरामद किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गंभीर जांच कराई जाए। साथ ही इस घटना में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
रैली और जन आंदोलन के बाद कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि ऐतिहासिक धरोहरों की सुरक्षा केवल प्रशासनिक जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हमारी आने वाली पीढ़ियों के लिए विरासत को सुरक्षित रखने का दायित्व भी है।
इस अवसर पर शिवपुरी जिला प्रभारी एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री लाखन सिंह यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित अग्रवाल, पूर्व विधायक राधेलाल बघेल, पूर्व विधायक प्रागीलाल बघेल, अरविन्द लोधी, भरत रावत, संजय चतुर्वेदी, राधाकृष्ण धाकड़, साबिर नेता जी सहित कांग्रेस के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सरपंचगण, वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट कहा कि नरवर की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चोरी हुई ऐतिहासिक तोप की बरामदगी तक संघर्ष जारी रहेगा।हेडलाइन: नरवर किले से ऐतिहासिक तोप चोरी पर कांग्रेस का फूटा आक्रोश, रैली निकालकर प्रशासन को सौंपा ज्ञापन


