बीलपुरा के जंगल में दिनदहाड़े 7-8 हथियारबंद बदमाशों का हमला, ग्रामीणों में दहशत

0

 


थाना प्रभारी सुरेश शर्मा की तत्परता से टली बड़ी वारदात, 100 भैंसें छोड़कर भागे लुटेरे


शिवपुरी/बैराड़। जिले के बैराड़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बीलपुरा के जंगल में रविवार को दिनदहाड़े बड़ी वारदात की कोशिश नाकाम हो गई। दोपहर करीब 12 बजे 7 से 8 की संख्या में बंदूकधारी बदमाशों ने जंगल में भैंस चरा रहे ग्रामीणों पर हमला बोल दिया और करीब 100 भैंसों को हांककर ले जाने लगे।


प्राप्त जानकारी के अनुसार बीलपुरा गांव के ग्रामीण रोज की तरह अपनी भैंसों को जंगल में चराने गए थे। तभी घात लगाए बैठे हथियारबंद बदमाशों ने अचानक ग्रामीणों को घेर लिया। बदमाशों के हाथों में अवैध हथियार थे और उन्होंने ग्रामीणों को डरा-धमकाकर भैंसों को लूटने का प्रयास किया। बदमाशों के हमले से जंगल में अफरा-तफरी मच गई।


ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना गांव में और बैराड़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने तत्परता दिखाते हुए अपनी टीम के साथ मौके के लिए रवाना हो गए। उनके साथ बड़ी संख्या में ग्रामीण भी लाठी-डंडे लेकर जंगल की ओर दौड़ पड़े।


पुलिस और ग्रामीणों को अपनी ओर आता देख बदमाश घबरा गए। पुलिस के पहुंचने से पहले ही बदमाश लूटी गईं करीब 100 भैंसों को जंगल में ही छोड़कर घने जंगल और पहाड़ियों की ओर फरार हो गए। थाना प्रभारी सुरेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस ने जंगल में काफी देर तक सर्चिंग की लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।


पुलिस ने सभी 100 भैंसों को सुरक्षित बरामद कर ग्रामीणों को सुपुर्द कर दिया है। इस घटना के बाद से पूरे बीलपुरा और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने पुलिस से जंगल में गश्त बढ़ाने और बदमाशों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।


थाना प्रभारी सुरेश शर्मा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और बदमाशों की तलाश के लिए पुलिस टीमें जंगल में लगातार कॉम्बिंग कर रही हैं। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top