मतदाता सूची में नाम जुड़वाए

0



शिवपुरी जिले के मतदान केंद्रों पर 09 अक्टूबर तक विशेष शिविर शुरू


उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के साथ की बैठक


शिवपुरी,  भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्वाचक नामावली के निरंतर अद्यतन (निरंतर पुनरीक्षण) प्रक्रिया के अंतर्गत शिवपुरी जिले की समस्त पांचों विधानसभाओं करैरा,पोहरी, शिवपुरी, पिछोर एवं कोलारस) के  मतदान केंद्र स्तर पर 07, 08 और 09 अक्टूबर 2026 तक तीन दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया जा रहा है।  


​​इस अभियान के सफल संचालन हेतु कलेक्टोरेट सभागार में उप जिला निर्वाचन अधिकारी  दिनेश चंद्र शुक्ला की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ स्टैंडिंग कमेटी की बैठक संपन्न हुई। बैठक में अभियान की जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके, 01 जनवरी 2027 तक पात्र होने वाले भावी मतदाताओं तथा छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शत प्रतिशत जोड़ना है।  


​अभियान के दौरान प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए जारी निर्देशों की जानकारी देते हुए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पात्र नागरिक अपने संबंधित मतदान केंद्र पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर फॉर्म 6 भर सकते हैं। विशेष कैंप के दौरान फॉर्म 6 प्राप्त करते समय बीएलओ को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि आवेदकों से अलग से कोई घोषणा पत्र न लिया जाए। इसके अलावा अनुपस्थित, शिफ्टेड, मृत और डुप्लीकेट  सूची का बीएलओ द्वारा भौतिक सत्यापन कर पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की त्वरित कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। 


युवाओं और विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिले के सभी हायर सेकंडरी स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों तथा तकनीकी शैक्षणिक संस्थानों में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले विद्यार्थियों के 'वोटर हेल्पलाइन एप्प ' एवं voters.gov.in पोर्टल के जरिए ऑनलाइन फॉर्म 6 दर्ज करने हेतु प्रोत्साहित किया जा रहा है। वहीं, जो नागरिक मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच सकते, वे भी घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से फॉर्म 6 जमा कर अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।


उप जिला निर्वाचन अधिकारी  शुक्ला ने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से भी अपील की है कि वे अपने बूथ लेवल एजेंट्स के माध्यम से 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं तथा छूटे हुए सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जुड़वाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top