पीएम स्वनिधि योजना से ऋण प्राप्त कर धर्मेंद्र ने हासिल की आर्थिक मजबूती

0

 


कहानी बदलाव की


शिवपुरी, 

जीवन में यदि सही समय पर थोड़ा सा आर्थिक संबल मिल जाए, तो संघर्षों से जूझ रहा व्यक्ति भी अपनी मेहनत के दम पर सफलता की नई इबारत लिख सकता है। ऐसा ही कुछ कर दिखाया है जिला शिवपुरी की नगर परिषद बैराड़ में रहने वाले  धर्मेंद्र ने। एक समय था जब संसाधनों के अभाव और सीमित पूंजी के कारण उन्हें अपना छोटा-मोटा रोजगार चलाने में भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ता था।


पीएम स्वनिधि योजना से मिला संबल

धर्मेंद्र की इस डूबती आर्थिक स्थिति को उबारने में केंद्र सरकार की पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजना मददगार साबित हुई। योजना के अंतर्गत नगर परिषद बैराड़ और बैंक के प्रशासनिक सहयोग से उन्हें सबसे पहले ₹10,000 का प्रथम चरण का ऋण बिना किसी गारंटी के प्राप्त हुआ। इस राशि का सही उपयोग कर  धर्मेंद्र ने अपना कार्य शुरू किया और समय पर पूरा ऋण चुकता कर दिया। 

ईमानदारी और समय पर ऋण चुकाने के फलस्वरूप उन्हें दूसरे चरण में ₹20,000 का लोन स्वीकृत हुआ। इसे भी सफलतापूर्वक चुकाने के बाद तीसरे चरण में ₹50,000 का बड़ा क्रेडिट लोन मिला। इन तीन चरणों में मिली आर्थिक सहायता से उन्होंने अपने व्यवसाय ‘धर्मेंद्र हॉट मोमोस एवं वेज बिरयानी’ के स्टॉल का विस्तार किया, जरूरी सामग्री खरीदी और गुणवत्ता में सुधार किया। इस नवाचार और मेहनत के बल पर आज वे अपने इस फास्ट फूड व्यवसाय से प्रतिमाह ₹30,000 की शानदार आमदनी अर्जित कर रहे हैं।


आज धर्मेंद्र न केवल अपने परिवार का भरण-पोषण सम्मानपूर्वक कर रहे हैं, बल्कि स्थानीय स्तर पर छोटे दुकानदारों के लिए प्रेरणास्रोत भी बन गए हैं। वे डिजिटल पेमेंट माध्यमों का उपयोग कर अपने ग्राहकों को आधुनिक सुविधा भी प्रदान कर रहे हैं। उनकी इस सफलता से उनके परिवार का जीवन स्तर सुधरा है और उन्हें समाज में एक सफल सूक्ष्म उद्यमी के रूप में पहचान मिली है।


अपनी इस सफलता और स्वावलंबन की यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए  धर्मेंद्र कहते हैं, पीएम स्वनिधि योजना ने मेरी डूबती आर्थिक स्थिति को उबारकर मुझे समाज में सम्मानपूर्वक जीने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। मैं प्रधानमंत्री जी का धन्यवाद देना चाहूंगा कि उन्होंने हम जैसे छोटे दुकानदारों के लिए इतना अच्छा अवसर दिया, जिससे हमें अपना रोजगार सुचारू रूप से चलाने में बड़ी सहायता मिली।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top