मुद्रा योजना से मजबूत हुए अमन मित्तल के कदम

0

 


*कहानी बदलाव की*

 दोना-पत्तल निर्माण से दे रहे दर्जनों युवाओं को रोजगार


शिवपुरी, 

दृढ इच्छाशक्ति, निरंतर मेहनत और सरकारी योजनाओं का सही संबल मिल जाए तो छोटे स्तर पर शुरू किया गया व्यवसाय भी सफलता के ऊंचे शिखर छू सकता है। शिवपुरी के फिजिकल थाना क्षेत्र निवासी श्री अमन मित्तल की कहानी ऐसे ही कर्मठ और स्वावलंबी युवाओं के लिए एक प्रेरणा है, जिन्होंने सीमित संसाधनों से शुरुआत कर आज न केवल अपने व्यवसाय को विस्तार दिया है, बल्कि अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के द्वार खोले हैं।

 अमन मित्तल आज से लगभग 10 वर्ष पहले अपने व्यवसाय की शुरुआत की थी। शुरुआत में उन्होंने मात्र एक मशीन के जरिए दोना-पत्तल निर्माण का कार्य शुरू किया था। शुरुआती दौर में उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उनकी निरंतर मेहनत और गुणवत्तापूर्ण उत्पादन के कारण उनका कार्य धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगा।


*प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से मिला वित्तीय संबल*

अपने व्यवसाय को और अधिक व्यापक रूप से विस्तारित करने के लिए अमन मित्तल को केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 3 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ, जिसे बाद में उद्यमी योजना के अंतर्गत समायोजित किया गया। इस वित्तीय मदद से उन्हें अपनी उत्पादन क्षमता बढ़ाने में बड़ी सहायता मिली। आज वे अपने इस संयंत्र में 11 आधुनिक मशीनों के माध्यम से बड़े पैमाने पर कार्य कर रहे हैं।


*12 से 15 स्थानीय लोगों को मिल रहा है रोजगार*

एक मशीन से शुरू हुआ सफर आज एक लघु उद्योग का रूप ले चुका है। श्री अमन मित्तल के इस उद्यम में वर्तमान में लगभग 12 से 15 स्थानीय लोग कार्यरत हैं, जिनमें युवा और महिलाएं दोनों शामिल हैं। ये सभी कर्मचारी मशीनों के संचालन के साथ-साथ पैकेजिंग जैसे कार्यों में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, जिससे उनके परिवारों को भी आर्थिक संबल मिल रहा है।


*प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का जताया आभार*

अपनी इस व्यावसायिक यात्रा और सफलता का श्रेय केंद्र तथा राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों को देते हुए अमन मित्तल कहते हैं कि शासकीय योजनाओं के सहयोग से ही आज उनका व्यवसाय इस मुकाम पर पहुंच सका है। उन्होंने महिलाओं और युवाओं के सर्वांगीण विकास एवं स्वावलंबन के लिए चलाई जा रही इन योजनाओं के लिए देश के यशस्वी प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी, प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा जिला प्रशासन का सहृदय आभार व्यक्त किया है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top