पांच दिन तक शिवपुरी में चला खेलों का रोमांच, उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर किया सम्मानित
अर्वण श्रीवास्तव और स्तुति जायसवाल बने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
शिवपुरी। खेल, संघर्ष, अनुशासन और जीत के जज्बे से सराबोर शिवपुरी का खेल परिसर रविवार को तालियों की गूंज से उस समय गूंज उठा, जब 70वीं राज्य स्तरीय 17 वर्षीय बालक-बालिका एथलेटिक्स प्रतियोगिता का पुरस्कार वितरण एवं सम्मान समारोह के साथ भव्य समापन हुआ। पांच दिनों तक चले इस खेल महाकुंभ में प्रदेश के 10 संभागों से आए खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, दमखम और खेल भावना का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में बालक वर्ग में ग्वालियर संभाग ने बाजी मारी, जबकि बालिका वर्ग में इंदौर संभाग ने अपना दबदबा कायम करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
समापन समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं, जबकि शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष राजू बाथम, वरिष्ठ भाजपा नेता हरवीर सिंह रघुवंशी, जिला महामंत्री लवलेश जैन चीनू और केपी परमार विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बालकों में ग्वालियर और बालिकाओं में इंदौर का दबदबा
प्रतियोगिता में विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी गति, शक्ति और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। दौड़, भाला फेंक, गोला फेंक, त्रिकूद, पोल वॉल्ट, ऊंची कूद और लंबी कूद जैसी स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला।
समग्र प्रदर्शन के आधार पर बालक वर्ग में ग्वालियर संभाग ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि भोपाल संभाग दूसरे और उज्जैन संभाग तीसरे स्थान पर रहा। वहीं बालिका वर्ग में इंदौर संभाग ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान प्राप्त किया। भोपाल संभाग दूसरे और उज्जैन संभाग तीसरे स्थान पर रहा। व्यक्तिगत प्रदर्शन में भोपाल के अर्वण श्रीवास्तव और इंदौर की स्तुति जायसवाल को प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के रूप में सम्मानित किया गया।
खेल का मैदान सिखाता है अनुशासन और संघर्ष का महत्व: नेहा यादव
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि पांच दिनों तक सभी संभागों के खिलाड़ियों ने नियमों का पालन करते हुए अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल के मैदान में सीखा गया अनुशासन, संघर्ष करने की क्षमता और हार-जीत को स्वीकार करने का जज्बा जीवनभर काम आता है। प्रतियोगिता के दौरान बने अनुभव और यादें खिलाड़ियों के जीवन में हमेशा एक अमिट छाप छोड़ेंगी।
उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
छोटे शहर में आधुनिक खेल परिसर होना बड़ी उपलब्धि: विधायक देवेंद्र जैन
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विधायक देवेंद्र जैन ने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार खेलों को बढ़ावा देने तथा प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं। शिवपुरी जैसे शहर में आधुनिक खेल परिसर की उपलब्धता इस बात का प्रमाण है कि खेल सुविधाओं के विस्तार पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर भी खेलों के लिए बजट उपलब्ध कराकर खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।
अतिथियों का स्वागत, आयोजन की सफलता में योगदान देने वालों का सम्मान
कार्यक्रम की शुरुआत जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए आयोजन से जुड़े अधिकारियों, शिक्षकों और सहयोगियों के योगदान को महत्वपूर्ण बताया।
प्रतियोगिता का प्रतिवेदन विकासखंड शिक्षा अधिकारी मनोज निगम ने प्रस्तुत किया। मंच संचालन बीआरसीसी अंगद सिंह तोमर, हेमलता चौधरी और गिरीश मिश्रा मामा ने किया। जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों और आयोजन में सहयोग देने वालों के प्रति आभार व्यक्त किया।
दल प्रबंधकों, स्टेट ऑफिशियल्स और समितियों के सदस्यों को मिला सम्मान
प्रतियोगिता के सफल संचालन में योगदान देने वाले 10 संभागों के दल प्रबंधकों और स्टेट ऑफिशियल्स को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। स्थानीय स्तर पर गठित दो दर्जन से अधिक समितियों के सदस्यों को भी उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मान मिला।
प्रतियोगिता के प्रचार-प्रसार में योगदान के लिए भगवती प्रसाद शर्मा और नीरज सरैया को सम्मानित किया गया। वहीं, हाल ही में ग्वालियर संभाग की टीम को रग्बी में स्वर्ण पदक दिलाने में योगदान के लिए कोच शिवनाथ सिंह वैस्य का भी सम्मान किया गया।
इसके अतिरिक्त डॉ. कौशल गौतम, यादवेन्द्र सिंह चौधरी, अजय बाथम, विवेक वर्धन शर्मा, राजीव भार्गव, राजू जाट, स्नेह सिंह रघुवंशी, दीपक मांझी, विनय रावत, संस्कार मिश्रा, अभिषेक सक्सेना, रेखा शर्मा, ऊजमा परवीन, कल्पना सोनी, श्वेता जैन, महेंद्र सिंह तोमर, ओपी शर्मा, अनिल मलावरिया, गयादीन तरेटिया, शरद निगम और रज्जाक खान सहित अन्य सहयोगियों को सम्मानित किया गया।
दुर्गा स्तुति की प्रस्तुति ने बांधा समां
समापन समारोह में बाल शिक्षा निकेतन स्कूल के विद्यार्थियों ने बंगाली भाषा के भजन पर दुर्गा स्तुति की मनमोहक प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने महिषासुर मर्दन का सजीव मंचन कर उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। भक्तिमय प्रस्तुति ने खेलों के उत्साह से भरे आयोजन में सांस्कृतिक रंग भी भर दिए।
समारोह के अंत में जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव ने अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। इसके बाद प्रतियोगिता का ध्वज उतारकर निर्धारित परंपरा के अनुसार सौंपा गया। जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा यादव ने प्रतियोगिता के विधिवत समापन की घोषणा की।
पांच दिनों तक चले इस आयोजन ने शिवपुरी को प्रदेश की खेल प्रतिभाओं का प्रमुख मंच बनाया। विजेताओं की उपलब्धियों के साथ-साथ खिलाड़ियों का अनुशासन, आपसी सौहार्द और खेल भावना इस प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि बनकर सामने आए।


.jpg)
