मक्के की फसल के बंटवारे को लेकर सगे भाई ने की भाई की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या, कोलारस के रिजौदा में खूनी वारदात

0

 


सत्यालेख | कोलारस/शिवपुरी। शिवपुरी जिले के कोलारस थाना क्षेत्र के ग्राम रिजौदा में जमीन और मक्के की फसल के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच चल रहा पुराना विवाद शुक्रवार को खूनी संघर्ष में बदल गया। बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की दिनदहाड़े कुल्हाड़ी मारकर निर्मम हत्या कर दी। घटना के बाद से गांव में सनसनी फैल गई है, वहीं आरोपी वारदात के बाद से फरार है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक का नाम घनश्याम रघुवंशी उम्र 26 वर्ष पुत्र मोहर सिंह रघुवंशी निवासी ग्राम रिजौदा है, जबकि आरोपी उसका सगा बड़ा भाई चंद्रभान उर्फ चंदा रघुवंशी है। बताया जा रहा है कि दोनों भाइयों के बीच पिछले काफी समय से पुश्तैनी जमीन और उसमें खड़ी मक्के की फसल के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था।


शुक्रवार दोपहर घनश्याम अपने खेत पर ट्रैक्टर पर बैठा हुआ था। इसी दौरान वहां आए बड़े भाई चंद्रभान से उसका फसल काटने और बंटवारे को लेकर फिर से झगड़ा हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर चंद्रभान ने वहां रखी कुल्हाड़ी उठा ली और घनश्याम के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। कुल्हाड़ी का वार इतना घातक था कि घनश्याम की मौके पर ही मौत हो गई और वह ट्रैक्टर पर ही गिर पड़ा।


ग्रामीणों के अनुसार इस वारदात का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक घनश्याम एक दिन पहले ही बाहर से अपने गांव रिजौदा आया था। गुरुवार की रात उसने अपने बड़े भाई चंद्रभान के घर पर ही खाना खाया था और रात में वहीं रुका था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि जिसके घर वह भाई के भरोसे रुका है, वही अगले दिन उसका हत्यारा बन जाएगा।


घटना की सूचना मिलते ही कोलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल शिवपुरी भेजा। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर आरोपी चंद्रभान उर्फ चंदा रघुवंशी के खिलाफ हत्या की धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है।


कोलारस थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी वारदात के बाद से फरार है, उसकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं गांव में इस घटना के बाद तनाव का माहौल है और पुलिस बल तैनात किया गया है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top