कोटा हाईस्कूल में विधिक साक्षरता शिविर, छात्रों को बताए यातायात और आपदा प्रबंधन के गुर

0

 


60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत आयोजन, वाहन बीमा और यातायात नियमों के पालन की अपील


शिवपुरी, राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 60 दिवसीय मेगा जागरूकता अभियान के तहत शासकीय हाईस्कूल कोटा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विद्यार्थियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों को कानूनी अधिकारों, यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और आपदा प्रबंधन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं।


कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवपुरी राजेन्द्र प्रसाद सोनी के मार्गदर्शन एवं अध्यक्षता तथा सचिव रंजना चतुर्वेदी के समन्वय में किया गया। शिविर में शासकीय हाईस्कूल कोटा, माध्यमिक विद्यालय हातौद एवं प्राथमिक विद्यालय हातौद के छात्र-छात्राओं सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण नागरिक शामिल हुए।


ग्रामीण स्तर तक कानूनी जागरूकता पहुंचाना उद्देश्य


कार्यक्रम की शुरुआत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव रंजना चतुर्वेदी ने की। उन्होंने 60 दिवसीय मेगा अभियान एवं नालसा की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अभियान का उद्देश्य ग्रामीण और जमीनी स्तर तक विद्यार्थियों तथा आम नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक करना है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा और जीवन रक्षा से जुड़े जरूरी उपायों की जानकारी भी दी जा रही है।


हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर समझाया


शिविर में यातायात थाना शिवपुरी की रक्षित निरीक्षक गायत्री इटोरिया ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की अपील की।


आपदा के समय कैसे बचाएं जान, दिया व्यावहारिक प्रशिक्षण


आपदा प्रबंधन टीम ने आपातकालीन परिस्थितियों और सड़क दुर्घटनाओं के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों का प्रदर्शन किया। टीम ने बताया कि किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में घबराने के बजाय स्वयं को सुरक्षित रखते हुए दूसरों की मदद किस प्रकार की जा सकती है। इस दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों को आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक तरीके भी समझाए गए।


वाहन बीमा और नियमों के पालन की अपील


कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधान जिला न्यायाधीश राजेन्द्र प्रसाद सोनी ने लोगों से यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा अपने वाहनों का बीमा कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।


कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश अशोक कुमार शर्मा एवं तृतीय जिला न्यायाधीश दिनेश कुमार शर्मा ने भी उपस्थित लोगों को महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों एवं उनके अधिकारों की जानकारी दी।


शिविर में विद्यालय के प्राचार्य एवं शिक्षकगण, यातायात पुलिस टीम, आपदा प्रबंधन दल, पंचायत प्रतिनिधि, पैरालीगल वॉलंटियर्स सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं ग्रामीण नागरिक मौजूद रहे।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top