कंडक्टर का जुलूस निकालने और बस परमिट रद्द करने की उठी मांग
शिवपुरी जिले के करैरा थाना अंतर्गत चौकी क्षेत्र की ग्राम सुनारी में घटित एक शर्मनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। ग्वालियर जा रही एक यात्री बस के कंडक्टर द्वारा एक महिला के साथ मारपीट एवं गाली-गलौज किए जाने का मामला सामने आया है। यह घटना न सिर्फ एक महिला के सम्मान पर हमला है, बल्कि नारी शक्ति के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने वाली है। घटना के बाद पीड़ित महिला की शिकायत पर बस कंडक्टर के खिलाफ पुलिस चौकी में मामला दर्ज किया गया है प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में यात्रा के दौरान किसी बात को लेकर कंडक्टर ने महिला से अभद्र व्यवहार किया, गालियां दीं और हाथापाई तक की। महिला एक मां और बहन होने के नाते समाज की मर्यादा का प्रतीक है, लेकिन इस घटना ने यह साबित कर दिया कि सार्वजनिक परिवहन में महिलाएं आज भी सुरक्षित नहीं हैं। यह कृत्य पूरे समाज के लिए शर्मनाक है।इस मामले को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है। गौ सेवक कल्लू महाराज ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि यह केवल करैरा या शिवपुरी जिले की घटना नहीं है, बल्कि पूरे ग्वालियर संभाग में महिलाओं के साथ हो रहे अत्याचारों का आईना है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि आरोपी बस कंडक्टर का सार्वजनिक रूप से जुलूस निकाला जाए, ताकि समाज में कड़ा संदेश जाए। उनका कहना है कि “एक का जुलूस निकलेगा, तो हजार गलत लोग सुधरेंगे।”गौ सेवक कल्लू महाराज ने यह भी मांग की कि जिस बस में यह घटना हुई, उसका परमिट तत्काल निरस्त किया जाए और भविष्य में वह बस करैरा क्षेत्र में चलने ही न पाए। उन्होंने कहा कि यदि आज कठोर कार्रवाई नहीं हुई, तो ऐसे लोग दोबारा महिलाओं पर अत्याचार करने से नहीं डरेंगे।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया। वीडियो सामने आने से सच उजागर हुआ और प्रशासन पर कार्रवाई का दबाव बना। कल्लू महाराज ने वीडियो बनाने वाले व्यक्ति की सराहना करते हुए कहा कि “जिसने भी यह वीडियो बनाया, वह बधाई का पात्र है। वही सच्चा समाजसेवी है। आज का युग मोबाइल का युग है, मोबाइल ही सबसे बड़ा हथियार है।”उन्होंने कहा कि यदि हर अन्याय का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला जाए, तो अपराधी बच नहीं सकते। सबूत के साथ आवाज उठेगी, तो जीत निश्चित है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि कहीं भी अन्याय हो, खासकर महिलाओं के साथ, तो डरें नहीं, वीडियो बनाएं और सच सामने लाएं।
गौ सेवक कल्लू महाराज ने कहा कि “मोबाइल केवल फोन नहीं, बल्कि पूरा संसार है। मीडिया जहां होती है, वहां भगवान होते हैं। अगर मीडिया न होती, वीडियो न होते, तो न तरक्की होती, न आवाज बुलंद होती और न ही इंसाफ की जीत होती।”इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि क्या सार्वजनिक परिवहन में महिलाएं सुरक्षित हैं? अब निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि वह केवल एफआईआर तक सीमित रहेगा या फिर कठोर और उदाहरणात्मक कार्रवाई कर नारी सम्मान की रक्षा करेगा।


