पुलिस अधीक्षक शिवपुरी अमन सिंह राठौड़ के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी संजय चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 04 सितंबर 2025 को थाना देहात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कोटा-झांसी फोरलेन पर मझेरा गांव के पास एक व्यक्ति चरस बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके से संदीप सिंह सिख (38 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 05, रमतला कोलारस, को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से दो बैगों में रखे 60 पैकेट चरस, कुल वजन 30 किलो 295 ग्राम, तथा घटना में प्रयुक्त न्यू किओ कार जब्त की गई। आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 324/25, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पूछताछ में आरोपी संदीप सिंह ने खुलासा किया कि यह चरस उसने आयशर डीसीएम वाहन चालक शिवम उर्फ मोहन ठाकुर से मंगवाई थी, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले का निवासी है और पहले टमाटर परिवहन के बहाने नेपाल तक माल ले जाया करता था।
मामले में फरार आरोपी शिवम उर्फ मोहन सिंह ठाकुर (32 वर्ष), निवासी ग्राम अर्मी, थाना हरगांव, जिला सीतापुर (उ.प्र.) की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास कर आरोपी को 05 फरवरी 2026 को सीतापुर से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना में प्रयुक्त आयशर डीसीएम वाहन (क्रमांक यूपी 41 एटी 9732) को भी जब्त किया गया।
इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी देहात निरीक्षक जितेन्द्र मावई, उप निरीक्षक योगेन्द्र सिंह सेंगर, प्रधान आरक्षक दीपचन्द्र, केशव सिंह राजावत, देवेन्द्र सेन, आरक्षक अरुण मेवाफरोस एवं मिथुन कुशवाह की सराहनीय भूमिका रही।


