कोलारस । मध्य प्रदेश शासन वन विभाग द्वारा आज शुक्रवार, दिनांक 6 फरवरी को वन परिक्षेत्र कार्यालय कोलारस में चरवाहा सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बदरवास गणेशखेड़ा लुकवासा कोलारस क्षेत्र के चरवाहों को आमंत्रित कर उनका माला पहनाकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य वन संरक्षण में चरवाहों की भूमिका को सशक्त बनाना तथा उनके साथ बेहतर समन्वय स्थापित करना रहा।सम्मेलन में वन परिक्षेत्र अधिकारी गोपाल जाटव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने चरवाहों को संबोधित करते हुए कहा कि वन और वन्यजीव संरक्षण में चरवाहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने चरवाहों से अपील की कि वे वन संपदा की रक्षा में वन विभाग का सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत विभाग को दें।कार्यक्रम के दौरान चरवाहों की समस्याओं और सुझावों पर भी चर्चा की गई। वन विभाग की ओर से उन्हें वन नियमों की जानकारी दी गई तथा वन क्षेत्र में चराई के दौरान अपनाई जाने वाली सावधानियों के बारे में भी अवगत कराया गया। चरवाहों ने भी वन विभाग द्वारा किए गए इस सम्मान और संवाद की पहल की सराहना की।सम्मेलन में वन विभाग का पूरा अमला मौजूद रहा। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने चरवाहों से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए उन्हें विभाग की योजनाओं और भविष्य की कार्ययोजनाओं के बारे में जानकारी दी यह सम्मेलन वन विभाग और चरवाहों के बीच विश्वास, सहयोग और सहभागिता को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम साबित हुआ, जिससे आने वाले समय में वन संरक्षण के प्रयासों को और गति मिलेगी।


