पत्नी को विदा कराने ससुराल पहुंचे युवक को लाठियों से पीटा, हाथ-पैर तोड़े; एसपी से लगाई न्याय की गुहार

0


 शिवपुरी। जिले के इंदार थाना क्षेत्र अंतर्गत ससुराल में पत्नी को विदा कराने गए एक युवक के साथ ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा लाठी-डंडों से जानलेवा मारपीट करने का मामला सामने आया है। घटना में युवक के हाथ और पैर में फ्रैक्चर हुआ है। पीड़ित ने पुलिस पर मामले में लीपापोती करने और सभी आरोपियों के नाम एफआईआर में शामिल न करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक (SP) से न्याय की गुहार लगाई है।


क्या है पूरा मामला?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी दीपक गोलिया (पुत्र स्व. गजेन्द्र सिंह गोलिया), जो वर्तमान में संत कृषि फार्म, रेलवे स्टेशन रोड, कोलारस का निवासी है, ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में बताया कि वह बीती 5 फरवरी 2026 को अपनी पत्नी रचना गोलिया को विदा कराने अपनी ससुराल ग्राम इंदार गया था।


रात करीब 11:00 बजे जब उसने पत्नी को ले जाने की बात कही, तो ससुर ने सुबह जाने को कहा। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और ससुर यशपाल, सास कलिया, पत्नी रचना और चचिया ससुर देवीसिंह ने मिलकर गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर सभी ने लाठी-डंडों से उसकी बुरी तरह मारपीट की, जिससे दीपक के हाथ और पैर की हड्डी टूट गई (फ्रैक्चर) है।


पुलिस कार्रवाई पर सवाल

घायल दीपक का आरोप है कि घटना के बाद वह अपनी मां विद्या देवी के साथ इंदार थाने पहुंचा, जहां 10 फरवरी 2026 को अपराध क्रमांक 0017 दर्ज किया गया। मेडिकल जांच के बाद हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज शिवपुरी रेफर कर दिया गया, जहां वह अभी भी भर्ती है।


पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने एफआईआर में मुख्य आरोपी सास (कलिया) और चचिया ससुर (देवीसिंह) के नाम शामिल नहीं किए हैं। इसके अलावा, हाथ-पैर टूटने के बावजूद पुलिस ने साधारण धाराओं में मामला दर्ज किया है।


मिल रही जान से मारने की धमकी

एसपी को सौंपे गए ज्ञापन में पीड़ित ने बताया कि अब ससुराल पक्ष के लोग उस पर राजीनामा करने और रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बना रहे हैं। रिपोर्ट वापस न लेने पर उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे उसका पूरा परिवार भयभीत है। पीड़ित ने एसपी से मांग की है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराओं में इजाफा किया जाए और छूटे हुए आरोपियों के नाम बढ़ाकर उनकी गिरफ्तारी की जाए।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
To Top