भ्रष्टाचार की पोल खोलना पत्रकार को पड़ा भारी: पंचायत सचिव ने बीच शहर में की मारपीट, दी जान से मारने की धमकी

0


 शिवपुरी जिले की खोरघार पंचायत में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की खबरें प्रकाशित करना एक पत्रकार के लिए मुसीबत बन गया। पंचायत सचिव ने अपने साथियों के साथ मिलकर शहर के बीचों-बीच एक पत्रकार पर हमला कर दिया और भविष्य में खबरें न लिखने की चेतावनी देते हुए जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित पत्रकार ने कोतवाली थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, पत्रकार दीपक रावत 'डीआरवी इंडिया न्यूज़' और 'जन जागरण' चैनल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को उठा रहे थे। हाल ही में उन्होंने खोरघार पंचायत में सचिव पहलवान सिंह रावत द्वारा आवास योजना (कुटीर) के नाम पर ग्रामीणों से रिश्वत लेने और पंचायत के विकास कार्यों में धांधली की खबरें प्रमुखता से दिखाई थीं। इस मामले में ग्रामीणों ने कलेक्टर से भी लिखित शिकायत की थी, जिसकी जांच प्रक्रियाधीन है।


दीपक रावत ने बताया कि वह गुरुवार दोपहर करीब 3:30 बजे जनपद पंचायत शिवपुरी के पास थे, तभी सचिव पहलवान सिंह रावत ने उन्हें फोन कर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित 'जैन चाय वाले' के पास बुलाया। वहां पहले से ही रावत और संजय रावत मौजूद थे।


आरोप है कि वहां सचिव ने दीपक पर खबरों को लेकर दबाव बनाया। जब दीपक ने कहा कि वह सच्चाई दिखाना बंद नहीं करेंगे, तो पहलवान सिंह रावत ने आपा खो दिया और चप्पलों से उनकी पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोगों ने भी उन्हें धमकाया कि "यदि दोबारा पंचायत में कदम रखा या खबर प्रकाशित की, तो जान से मार देंगे।"


घटना के बाद पीड़ित पत्रकार सीधे कोतवाली थाने पहुंचे और पुलिस को आपबीती सुनाई। दीपक रावत का कहना है कि

"मैने केवल ग्रामीणों की आवाज उठाई थी। सचिव ने मुझे सरेराह पीटा है और जैन चाय वाले के पास लगे सीसीटीवी कैमरों में यह पूरी घटना कैद हुई है। मैं चाहता हूँ कि ऐसे भ्रष्ट और गुंडागर्दी करने वाले सचिव को तत्काल निलंबित किया जाए और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो ताकि पत्रकार निर्भीक होकर अपना काम कर सकें।"

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top