पुलिस अधीक्षक शिवपुरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव मुले एवं एसडीओपी पिछोर प्रशांत शर्मा के नेतृत्व में थाना भौंती पुलिस ने ऑपरेशन मैट्रिक्स के तहत यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार आरोपी फोन कॉल कर लोगों को बलात्कार के झूठे मामलों में फंसाने और गिरफ्तारी की धमकी देकर वित्तीय धोखाधड़ी करते थे।
थाना भौंती में दर्ज अपराध क्रमांक 45/26 में फरार चल रहे भरत उर्फ भारत लोधी (36) एवं अनिल लोधी (23), निवासी ग्राम तिंधारी थाना भौंती, को मुखबिर सूचना पर ग्राम नयाखेड़ा बस स्टैंड से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से ठगी की रकम से खरीदी गई टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल क्रमांक MP33ZG5025 तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मशरुका की कुल कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक घनश्याम भदौरिया, सउनि संजय कुमार भगत, प्रधान आरक्षक अभयराज सिंह, आरक्षक पीकेश कुमार, मलखान गुर्जर, रामप्रसाद गुर्जर एवं दुर्गाविजय रावत की अहम भूमिका रही।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल या साइबर धमकी से सतर्क रहें और ऐसी घटनाओं की सूचना तुरंत पुलिस को दें।


