कांग्रेस नेताओं के अनुसार नगर परिषद कार्यालय के सामने नगर विकास समिति के बैनर तले जनसमस्याओं को लेकर सांकेतिक धरना-प्रदर्शन चल रहा था। आरोप है कि 27 मई को कुछ लोग धरना स्थल पर पहुंचे और वहां रखी कुर्सियों, टेबल सहित अन्य सामग्री में तोड़फोड़ की। साथ ही धरना स्थल पर मौजूद कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों के साथ अभद्रता एवं मारपीट की गई।
कांग्रेस का कहना है कि घटना के संबंध में पिछोर थाने में शिकायत दिए जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इसी कारण कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से किए जा रहे शांतिपूर्ण आंदोलन पर हमला लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और दोषियों को जल्द कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।


