पोषण आहार राशि की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई, खाते में मिले 65 हजार रुपए
जनसुनवाई के दौरान ग्राम सुनाज निवासी विनीता आदिवासी ने अपनी पोषण आहार राशि प्राप्त न होने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर वर्मा ने मामले को तत्काल संज्ञान में लेते हुए आदिम जाति कल्याण विभाग के जिला संयोजक को जांच के निर्देश दिए। विभाग द्वारा रिकॉर्ड में देखा गया और बैंक से त्वरित सत्यापन कराने पर ज्ञात हुआ कि विनीता द्वारा उपलब्ध कराए गए खाते में प्रतिमाह नियमित रूप से राशि जमा हो रही है। इस प्रकार जनसुनवाई के माध्यम से आवेदिका को उसके खाते में जमा ₹65,000 की संचित राशि की जानकारी मिली, जिसका उपयोग अब वह सुगमता से कर सकेंगी।
सौरभ गैंचर को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश मिला
एक अन्य महत्वपूर्ण प्रकरण में कलेक्टर अर्पित वर्मा ने नगर पालिका परिषद शिवपुरी के दिवंगत कर्मचारी के पुत्र सौरभ गैंचर को अनुकंपा नियुक्ति का आदेश प्रदान किया। नियुक्ति आदेश प्राप्त होने पर सौरभ ने जिला प्रशासन और कलेक्टर वर्मा के प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया।
रेडक्रॉस से दी 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता
जनसुनवाई में पहुंची मोनिका राठौर की आर्थिक स्थिति और उनके दिव्यांग बच्चे की परिस्थिति को देखते हुए कलेक्टर वर्मा ने संवेदनशीलता का परिचय दिया। उन्होंने आवेदिका को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से मौके पर ही रेडक्रॉस से 10,000 रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान की है। कलेक्टर अर्पित वर्मा ने जनसुनवाई में उपस्थित सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जनसुनवाई में आने वाले आवेदनों का समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


