शहर में ठगों ने ठगी का नया तरीका अपनाया है। बाईक पर लिफ्ट मांगने के बहाने एक वरिष्ठ नागरिक की जेब काटकर 17 हजार रुपये पार कर लिए गए। पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विजयपुरम कॉलोनी निवासी वरिष्ठ नागरिक वीरेन्द्र कुमार गुप्ता दिनांक 13.10.2026 को अपनी बाईक से गुरुद्वारा से होते हुए अपने निवास की ओर जा रहे थे। तभी गुरुद्वारे के पास एक अज्ञात व्यक्ति (उम्र लगभग 40 वर्ष) ने उनसे लिफ्ट मांगी।
सद्भावनावश वृद्ध ने उसे अपनी बाईक पर बैठा लिया। कुछ दूर चलने के बाद वह व्यक्ति कृष्णपुरम कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर उतर गया।
घर पहुंचने पर जब वीरेन्द्र कुमार ने अपने पजामा की जेब से रुपये निकालने चाहे तो देखा कि जेब कटी हुई थी और जेब में रखे *17,000 रुपये गायब थे।*
पीड़ित ने नगर निरीक्षक, थाना कोतवाली शिवपुरी को आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कर कार्यवाही करने और रुपये वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


.jpg)
