*शिवपुरी/बैराड़।* बैराड़ थाना क्षेत्र के ग्राम खद्य में शुक्रवार को पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में जमकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला को उपचार के लिए पहले बैराड़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल शिवपुरी रेफर किया गया है।
*कट्टा फटने से घायल होने का दावा -*
घटना को लेकर दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान नरेश नामक युवक के हाथ में अवैध कट्टा फट गया, जिससे उसकी मां के सिर में चोट आ गई और वह घायल हो गई। दूसरे पक्ष का कहना है कि वे खुद ही इस हादसे के शिकार हुए हैं।
*श्रीनिवास यादव ने रखा अपना पक्ष -*
वहीं इस पूरे मामले में परिजन श्रीनिवास यादव ने भी अपना पक्ष रखते हुए मारपीट का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुरानी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष ने उनके परिवार पर हमला किया है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं।
*बैराड़ पुलिस ने शुरू की जांच -*
घटना की सूचना मिलते ही बैराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घायल महिला का मेडिकल कराया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि कट्टा फटने की बात की भी जांच की जा रही है, मौके से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ग्राम खद्य में इस घटना के बाद तनाव का माहौल बना हुआ है, गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।


.jpg)
