शिवपुरी। पकड़ कॉलोनी में रहने वाली एक महिला ने बुधवार को अपने ई-रिक्शा में आग लगा दी। महिला का आरोप है कि वह लंबे समय से बादशाह कंपनी के ई-रिक्शा की खराब बैटरी से परेशान थी, लेकिन कंपनी और शोरूम प्रबंधन द्वारा उसकी समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा था।
पीड़ित महिला तीन बच्चों की मां है और ई-रिक्शा ही उसके परिवार के भरण-पोषण का एकमात्र साधन था। महिला ने बताया कि बच्चों का पालन-पोषण करने के लिए उसने ई-रिक्शा खरीदा था, लेकिन खरीद के कुछ समय बाद ही उसकी बैटरी बार-बार खराब होने लगी। इस समस्या को लेकर वह कई बार उस शोरूम पर गई, जहां से ई-रिक्शा खरीदा गया था, लेकिन वहां से उसे केवल आश्वासन ही मिला, कोई ठोस समाधान नहीं किया गया।
लगातार हो रही परेशानी, आर्थिक तंगी और कंपनी द्वारा कथित रूप से परेशान किए जाने से आहत होकर महिला ने गुस्से और हताशा में आकर अपने ही ई-रिक्शा में आग लगा दी। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी। फिलहाल मामले को लेकर जांच की जा रही है महिला की मांग है कि मुझे कंपनी से नया ई रिक्शा दिया जाए


