नवागत एसपी यांगचेन डोलकर भुटिया एक्शन मोड में, रात में चार थानों का औचक निरीक्षण

0


 शिवपुरी। जिले की नवागत पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने पदभार ग्रहण करते ही सख्त तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर नजर आ रहीं एसपी भुटिया ने शहर के थाना कोतवाली, देहात थाना, फिजीकल थाना और महिला थाना का औचक निरीक्षण कर पुलिस व्यवस्था का जायजा लिया। देर रात हुए इस निरीक्षण से पुलिस महकमे में हड़कंप की स्थिति देखने को मिली।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने थानों में चल रही पुलिस कार्यवाहियों, लंबित मामलों और रिकॉर्ड संधारण की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने थाना परिसर, हवालात, रिकॉर्ड रूम और आर्म्स रूम का बारीकी से निरीक्षण करते हुए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि थानों में अनुशासन, पारदर्शिता और जवाबदेही हर हाल में दिखाई देना चाहिए।



एसपी यांगचेन डोलकर भुटिया ने थानों पर मौजूद फरियादियों और आवेदकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की शिकायतों पर तत्काल, निष्पक्ष और संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि जनता का पुलिस पर भरोसा और मजबूत हो सके।

नवागत एसपी ने अपराधियों को सख्त संदेश देते हुए कहा कि शिवपुरी जिले में अपराध और अपराधियों के प्रति “जीरो टॉलरेंस” की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर लगातार नजर रखने तथा प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसपी के इस अचानक निरीक्षण को जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिसिंग को और अधिक सक्रिय एवं जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। शहर में अब यह चर्चा तेज है कि नई पुलिस कप्तान के नेतृत्व में अपराधियों पर शिकंजा और कस सकता है।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
/*-- Don't show description on the item page --*/
NewsLite - Magazine & News Blogger Template
To Top